हमारे बारे में संपर्क करें प्राइवेसी पॉलिसी नियम एवं शर्तें अस्वीकरण संपादकीय नीति एवं स्वामित्व

विज्ञापन

Advertisement (728/90)

विज्ञापन

मऊ में पुलिस और इनामी गौ तस्कर के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

मऊ के कोपागंज में पुलिस और इनामी गौ तस्कर ढेला के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए।

मऊ: पुलिस मुठभेड़ में इनामी गौ तस्कर ढेला गिरफ्तार

विज्ञापन

जनपद मऊ के कोपागंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और इनामी गौ तस्कर के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक शातिर आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। इंदारा रेलवे स्टेशन के समीप हुई इस कार्रवाई में आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके जवाब में पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।

घोसी क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गौवध अधिनियम के मुकदमा अपराध संख्या 106/2026 में वांछित एवं इनामी अभियुक्त ढेला पुत्र नसीर (35 वर्ष) निवासी चेला राम का पूरा, थाना कोपागंज कटवास से इंदारा रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, जैसे ही टीम ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, उसने अवैध तमंचे से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने संयम बरतते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोपागंज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध मऊ एवं बलिया जनपद के विभिन्न थानों में गौवध अधिनियम समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा था और उस पर इनाम भी घोषित था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के आपराधिक इतिहास का विस्तृत सत्यापन कराया जा रहा है। मामले में विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए अन्य संभावित साथियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

व्हाट्सएप ग्रुप

जॉइन करें

फेसबुक ग्रुप

जॉइन करें

विज्ञापन