कानपुर: शहर के पटकापुर चौकी क्षेत्र स्थित राधिका अपार्टमेंट में हुए भीषण अग्निकांड में दो लोगों की मौत के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है। मृतक प्रांजल के पिता अनिल बाथम की तहरीर पर फीलखाना थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में बिल्डर मोहित तिवारी, प्यारे खान समेत पांच लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा संबंधित स्टेकहोल्डर्स के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज हुआ है।
शिकायत में अपार्टमेंट के निर्माण और फ्लैटों की बिक्री को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। तहरीर के मुताबिक, अवैध निर्माण कराए जाने, KDA का फर्जी नक्शा दिखाकर फ्लैट बेचने और निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की बात कही गई है। इसके साथ ही अपार्टमेंट में पर्याप्त फायर सेफ्टी इंतजाम नहीं होने का आरोप भी लगाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर चौकी अंतर्गत स्थित राधिका अपार्टमेंट में सुबह करीब 4:30 बजे भीषण आग लग गई थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और अपार्टमेंट में फंसे कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।



