कानपुर देहात: देवराहट थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेलने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, देवराहट-बम्हरौली मार्ग के किनारे बने एक बंद मकान में कई दिनों से जुआ खेले जाने की सूचना मिल रही थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से चार लोगों को पकड़ा गया।
₹50,720 नकद और ताश के पत्ते बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ₹50,720 की नकदी बरामद हुई। इसके अलावा मौके से 52 ताश के पत्ते और तीन मोटरसाइकिल भी बरामद की गईं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप कुमार, राजेन्द्र, अनूप कुमार और मो. जमीर के रूप में हुई है।
मुकदमा दर्ज, न्यायालय में पेश किए गए आरोपी
यह कार्रवाई क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर राजीव सिरोही के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के बाद थाना देवराहट में मु0अ0सं0 25/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
आरोपियों के खिलाफ धारा 112 बीएनएस और 3/4 जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया।



