महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मऊ पुलिस ने गुरुवार को मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत ऑपरेशन मजनू अभियान चलाकर जिलेभर में व्यापक कार्रवाई की। अभियान के दौरान स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास संदिग्ध रूप से घूमने तथा स्टंटबाजी करने वाले 54 मनचलों को हिरासत में लिया गया। सभी से बंधपत्र भरवाने के बाद उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा 12 मोटरसाइकिलों को भी सीज किया गया।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में संचालित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण और जनपद के विभिन्न क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में गठित एंटी रोमियो टीमों ने जिले के अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाकर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना है।
कार्रवाई के दौरान दक्षिण टोला थाना क्षेत्र में 26 मनचलों से बंधपत्र भरवाया गया और छह वाहनों का चालान किया गया। वहीं कोपागंज थाना पुलिस ने 12 मनचलों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन वाहनों का चालान किया। दूसरी ओर, दोहरीघाट थाना क्षेत्र में एंटी रोमियो टीम ने 16 मनचलों से बंधपत्र भरवाया तथा तीन वाहनों का चालान किया।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने कहा कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास ऑपरेशन मजनू अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



