प्रतापगढ़: पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अक्टूबर माह में बड़ी सफलता हासिल की है। CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से पुलिस ने 147 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन सभी मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 24 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सर्विलांस सेल और जनपद के विभिन्न थानों की साइबर टीमों द्वारा की गई। मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में प्रतापगढ़ पुलिस ने CEIR पोर्टल पर अपनी रैंकिंग में भी उल्लेखनीय सुधार किया है। पुलिस के अनुसार, अप्रैल माह में जनपद की रैंकिंग 40वें स्थान पर थी, जो सितंबर माह में सुधरकर पांचवें स्थान पर पहुंच गई।
प्रतापगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी थाने में सूचना दें। इसके साथ ही CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल का IMEI नंबर ब्लॉक कराएं, ताकि उसका गलत इस्तेमाल रोका जा सके और मोबाइल की बरामदगी में मदद मिल सके।



