हमारे बारे में संपर्क करें प्राइवेसी पॉलिसी नियम एवं शर्तें अस्वीकरण संपादकीय नीति एवं स्वामित्व

विज्ञापन

Advertisement (728/90)

विज्ञापन

कांवड़ यात्रा से पहले मऊ में शांति समिति की अहम बैठक, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

मऊ में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में सोमवार को जिला शांति समिति की बैठक हुई, जिसमें आगामी कांवड़ यात्रा, सावन मेला और अन्य त्योहारों की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस और नगर निकाय के प्रतिनिधियों ने त्योहारों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की रणनीति पर मंथन किया।

मऊ में कांवड़ यात्रा को लेकर शांति समिति की बैठक, डीएम सख्त

विज्ञापन

आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए मऊ जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित जिला शांति समिति की बैठक में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने प्रशासन, पुलिस, नगर निकाय के अधिकारियों और समिति सदस्यों के साथ आगामी कांवड़ यात्रा, सावन मेला और अन्य प्रमुख आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट किया कि 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल बनाकर पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि त्योहारों के आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ने नगर निकायों को निर्देश दिया कि कांवड़ मार्गों, शिविरों और सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई के साथ-साथ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विद्युत विभाग को भी अलर्ट कर दिया गया है — बिजली की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने और जर्जर तारों को समय रहते बदलने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा त्योहारों से जुड़ी किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने पर भी बल दिया गया।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान कहीं भी जाम की स्थिति न बनने पाए। खाद्य सुरक्षा विभाग को होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंटों की नियमित जांच कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा गया है, वहीं आबकारी विभाग को शराब की दुकानों पर कड़ी निगरानी रखते हुए मिलावट पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने बैठक में सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन हर आयोजन को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान साउंड सिस्टम के इस्तेमाल पर निर्धारित मानक लागू होंगे और नशीले पदार्थों के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उनके अनुसार, यात्रा के लिए तय रूट का पालन किया जाएगा और सभी कांवड़ शिविरों पर जिम्मेदार अधिकारियों के नाम, मोबाइल नंबर के साथ सीसीटीवी कैमरे भी सक्रिय रखे जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि कोई नई परंपरा शुरू करने या सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अरशद जमाल ने आश्वासन दिया कि इस वर्ष भी नगर पालिका साफ-सफाई सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा कर प्रशासन को पूर्ण सहयोग देगी।

इसी क्रम में व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने बिजली बिलों में आ रही विसंगतियों और शहर में जर्जर हो चुके विद्युत तारों को बदलने का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने तुरंत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट रामबाबू, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्षों के अलावा पूर्व अध्यक्ष तैय्यब पालकी, दिनेश भारती, संजय वर्मा, भारत लाल राही और इम्तियाज अहमद सहित शांति समिति के कई सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

व्हाट्सएप ग्रुप

जॉइन करें

फेसबुक ग्रुप

जॉइन करें

विज्ञापन