जनपद में पुलिस अधीक्षक मऊ के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक कोपागंज के कुशल नेतृत्व में मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो स्क्वायड द्वारा ग्राम सभा कोपाकोहना एवं पुरानाकोपा में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्महत्या की प्रवृत्ति पर रोक लगाना, विवाहित महिलाओं के विरुद्ध दहेज हत्या जैसी घटनाओं में कमी लाना तथा अविवाहित महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा, उत्पीड़न एवं छेड़छाड़ जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षित एवं जागरूक वातावरण तैयार करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं युवतियों को उनकी सुरक्षा से जुड़े अधिकारों की जानकारी दी तथा महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से किसी भी प्रकार की प्रताड़ना, दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ अथवा साइबर अपराध की स्थिति में बिना किसी संकोच के पुलिस से संपर्क करने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रत्येक शिकायत पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए ऐसे जागरूकता अभियानों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।



