दोहरीघाट (मऊ): आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दोहरीघाट पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गुरुवार को गोठा बाजार क्षेत्र से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो प्लास्टिक की बोरियों में रखे करीब 35 हजार रुपये कीमत के अवैध पटाखे बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेन्द्र बर्नवाल (50) पुत्र कान्ता प्रसाद, निवासी ग्राम शाहपुर, थाना दोहरीघाट, जनपद मऊ के रूप में हुई है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। बरामद पटाखों में फुलझड़ी, रॉकेट, चकरी, पन्टा प्लस बम और विभिन्न प्रकार के मिश्रित पटाखे शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि रिहायशी इलाके में भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण किए जाने से आग लगने और जनहानि होने की आशंका थी। इस मामले में थाना दोहरीघाट में मु0अ0सं0 249/2026 के तहत धारा 288 बीएनएस तथा धारा 5/9(ख) विस्फोटक अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को चालान कर न्यायालय भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येन्द्र भूषण तिवारी के नेतृत्व में की गई। पुलिस द्वारा त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।



