मऊ जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लोन रिकवरी कर्मचारी पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू के साथ-साथ वारदात के दौरान पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में गुरुवार सुबह कोतवाली नगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने भीटी चौराहे से पहले स्थित एक गुमटी के पास से नसोपुर, थाना सरायलखंसी निवासी 29 वर्षीय आशीष यादव को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने हमले की घटना स्वीकार की। उसने बताया कि वारदात के समय चाकू चलाते हुए उसके हाथ में भी चोट लग गई थी। गिरफ्तारी के समय उसके कपड़ों पर खून के धब्बे पाए गए, जिन्हें पुलिस ने विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए सील कर अपने कब्जे में ले लिया। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को महिंद्रा फाइनेंस कंपनी में लोन रिकवरी का कार्य करने वाले विनोद तिवारी ट्रैक्टर की बकाया किस्त की वसूली के लिए आरोपी से मिलने मुसरदह मोड़, भीटी स्थित सरकारी ट्यूबवेल पहुंचे थे। आरोप है कि आशीष यादव ने उन्हें ट्यूबवेल के अंदर बुलाया, जहां पहले गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। हमले में विनोद तिवारी के हाथ, चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया।
घटना के संबंध में कोतवाली नगर थाने में मुकदमा संख्या 226/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 352 और 351(2) में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



