कानपुर नगर की सीसामऊ विधानसभा से पूर्व विधायक हाजी इरफान सोलंकी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। दरअसल, पूर्व विधायक इरफान सोलंकी के खिलाफ चमनगंज थाने में मारपीट व धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।
आरोप है कि सीसामऊ विधानसभा से पूर्व विधायक हाजी इरफान सोलंकी मंगलवार की रात कुछ लोगों के साथ चमनगंज के हलीम कॉलेज ग्राउंड में लगने वाली बकरा मंडी पहुँचे, जहाँ उन्होंने बाजार कमेटी के पदाधिकारी से मारपीट की।
बकरा बाजार कमेटी के पदाधिकारी वफा अब्बास ने आरोप लगाया है कि पूर्व विधायक इरफान सोलंकी ने 3 लाख रंगदारी माँगी, जिसके बाद रंगदारी न मिलने पर इरफान के साथ मौजूद लोगों ने उन्हें पीटा और 2 लाख 70 हजार भी लूट लिए।
वहीं, पूर्व विधायक इरफान सोलंकी ने बताया कि वो अपनी पत्नी विधायक नसीम सोलंकी के साथ हलीम कॉलेज ग्राउंड एक शिकायत मिलने की वजह से गए थे। उनका कहना है कि उनको हलीम कॉलेज ग्राउंड में आने वाले ग्राहकों और कारोबारियों से अवैध वसूली की सूचना मिली थी। शिकायत पर पहुँचीं विधायक नसीम सोलंकी ने अवैध वसूली का विरोध किया, तो पदाधिकारी वफा अब्बास और उनके साथ मौजूद लोग हमलावर हो गए। वहीं, बचाव के लिए बीच में आए विधायक के गनर के ऊपर भी हमला किया गया। विधायक नसीम सोलंकी के गनर की तरफ से भी वफा अब्बास और अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी गई है।





