उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने साइबर क्राइम में लिप्त अंतरराज्यीय गिरोह के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी जितेंद्र प्रसाद यादव बिहार के पूर्वी चंपारण का रहने वाला है।
साइबर थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि, मामला जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले शफी उज्जमां के दो बैंक खातों से कुल 6,97,870 रुपए की साइबर ठगी का है। दरअसल, 17 जनवरी 2026 को डा. शफी उज्जमां के बैंक ऑफ इंडिया में मौजूद खाते में से 5.98 लाख रुपए तथा एक अन्य केनरा बैंक में मौजूद खाते से 99,870 रुपए निकल लिए गए थे, जिसके बाद ठगी का शिकार हुए डा. शफी उज्जमां ने बैंक और 1930 पर इसकी जानकारी दी थी। मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी ठग जितेंद्र प्रसाद यादव तक पहुँची।
पूछताछ में पता लगा कि ठगी करने वाला यह गिरोह क्रेडिट कार्ड और फर्जी बैंक खातों के जरिए ठगी के पैसों का इस्तेमाल करता था। गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र प्रसाद यादव फ्यूल स्टेशन, ग्राहक सेवा केंद्रों तथा अन्य प्रतिष्ठानों को इस्तेमाल में लेता था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र प्रसाद यादव के कब्जे से एक कार, मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड और नकदी भी बरामद की है।





