बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में इलाज के दौरान एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदपुर मई गांव में एक स्थानीय डॉक्टर पर इंजेक्शन लगाने के बाद महिला की मौत होने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला की तबीयत रात में अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद परिजनों ने इलाज के लिए एक स्थानीय डॉक्टर, जिसे बंगाली डॉक्टर बताया जा रहा है, को घर बुलाया।
इंजेक्शन लगाने के बाद बिगड़ी स्थिति
मृतका के बेटे का आरोप है कि डॉक्टर ने घर पहुंचकर उसकी मां को इंजेक्शन लगाया था। इसके कुछ समय बाद ही महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि डॉक्टर के इलाज के दौरान यह घटना हुई, जिसके बाद उन्होंने मामले की जांच की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने पर बिसौली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारणों और लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।



