मऊ: जिले में खेत में टूटकर गिरे हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। हादसा शनिवार सुबह कोपागंज थाना क्षेत्र के इंदारा गांव के अहिरपुरा पुरवा में हुआ। मृतक की पहचान 55 वर्षीय रामदरश यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
जानकारी के मुताबिक, रामदरश यादव शनिवार सुबह अपने खेत में धान की फसल देखने गए थे। इसी दौरान खेत में पहले से ही हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर गिरा हुआ था। खेत में पहुंचते ही वह उसकी चपेट में आ गए और करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
तलाश करने पहुंचा बेटा, खेत में मिला पिता का शव
काफी देर तक रामदरश यादव के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता होने लगी। इसके बाद उनका बेटा अभिषेक यादव सुबह करीब 10:30 बजे उन्हें तलाश करते हुए खेत पहुंचा। वहां पिता को मृत अवस्था में देखकर वह स्तब्ध रह गया।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से रामदरश यादव को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया। वहीं, घटना के बाद मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने कोपागंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। किसान की मौत से इंदारा गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



