हमारे बारे में संपर्क करें प्राइवेसी पॉलिसी नियम एवं शर्तें अस्वीकरण संपादकीय नीति एवं स्वामित्व टीम

विज्ञापन

Advertisement (728/90)

विज्ञापन

मऊ में फर्जी दुष्कर्म मुकदमे की साजिश का खुलासा, पुलिसकर्मी समेत चार गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के मऊ में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस ने कथित साजिश का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में आरक्षी विशाल भारती समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह साजिश वर्ष 2023 में दर्ज एक पुराने मुकदमे को प्रभावित करने और पीड़ित पक्ष पर दबाव बनाने के उद्देश्य से रची गई थी। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करने वाली टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

मऊ में फर्जी दुष्कर्म केस की साजिश, 4 गिरफ्तार

विज्ञापन

मऊ: जिले में दुष्कर्म के एक कथित फर्जी मुकदमे की साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले की विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने एक पुलिस आरक्षी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पुराने मुकदमे में दबाव बनाने और उसे प्रभावित करने के उद्देश्य से यह साजिश रची गई थी।

गिरफ्तार आरोपियों में पुलिस आरक्षी विशाल भारती, मुकदमा दर्ज कराने वाली महिला सकीना खातून, उसका पुरुष मित्र निसार उर्फ नेसार अहमद और महिला मित्र जोया उर्फ गुल निहार शामिल हैं। पुलिस ने चारों को शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे सोनीधापा मैदान के पास से गिरफ्तार किया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार का पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह का मार्गदर्शन और प्रभारी निरीक्षक प्रमेन्द्र कुमार सिंह का नेतृत्व रहा।

पुराने मुकदमे से जुड़ी बताई जा रही साजिश की वजह

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को सकीना खातून ने मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के कोइरियापार निवासी इमरान अहमद के खिलाफ नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।

इस संबंध में कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 217/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 और 351(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया था।

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने विभिन्न साक्ष्य जुटाए और संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) का विश्लेषण किया। पुलिस का दावा है कि जांच में आरक्षी विशाल भारती की भूमिका सामने आई। आरोप है कि उसने अपने परिचितों के साथ मिलकर इमरान अहमद और उनकी बेटी पर दबाव बनाने के लिए कथित तौर पर झूठा मुकदमा दर्ज कराने की योजना बनाई थी।

वर्ष 2023 में दर्ज मुकदमे से जुड़ा है पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, इस कथित साजिश की वजह वर्ष 2023 में दर्ज एक पुराना मुकदमा है। इमरान अहमद की बेटी फिजा खातून ने 7 जुलाई 2023 को आरक्षी विशाल भारती के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और अंतरंग वीडियो वायरल करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था।

इस मामले में दुष्कर्म, धमकी, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट से संबंधित धाराएं लगाई गई थीं। पुलिस के अनुसार, इस मुकदमे में विशाल भारती करीब सात महीने तक जेल में रहा था। फिलहाल इस मामले की सुनवाई मऊ की सेशन कोर्ट में चल रही है।

पुलिस का आरोप है कि पुराने मुकदमे में सजा होने की आशंका के चलते विशाल भारती ने सकीना खातून, निसार अहमद और जोया उर्फ गुल निहार के साथ मिलकर कथित साजिश रची। इसका उद्देश्य इमरान अहमद और उनकी बेटी पर दबाव बनाना तथा पुराने मामले की सुनवाई को प्रभावित करना था।

इमरान अहमद का नाम मुकदमे से हटाने की कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर इमरान अहमद के खिलाफ लगाए गए आरोप सही नहीं पाए गए। इसके बाद उनका नाम मुकदमे से हटाने की कार्रवाई की गई है।

वहीं, मामले में पहले दर्ज धाराओं का लोप करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 217, 231 और 61(2) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू की है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम और पते

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों का विवरण इस प्रकार है।

विशाल भारती: आरक्षी, वर्तमान तैनाती पुलिस लाइन मऊ, निवासी अयोध्या।

सकीना खातून: निवासी औरंगाबाद डिहवा, थाना दक्षिणटोला, मऊ।

निसार उर्फ नेसार अहमद: निवासी केड़ापुर (किड़िहरापुर), थाना भीमपुरा, बलिया।

जोया उर्फ गुल निहार: निवासी सिंधेरा, थाना मरदह, गाजीपुर।

पुलिस टीम को मिलेगा 10 हजार रुपये का पुरस्कार

इस मामले के खुलासे और गिरफ्तारी में कोतवाली नगर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने टीम के सराहनीय कार्य के लिए 10,000 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

व्हाट्सएप ग्रुप

जॉइन करें

फेसबुक ग्रुप

जॉइन करें

विज्ञापन