एटा: अवागढ़ थाना क्षेत्र में जलेसर रोड पर नगला गरीवा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के लिए उन्हें पहले चुरथरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में एटा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को चुरथरा सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को एटा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। एटा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान जलेसर कोतवाली क्षेत्र के गांव गुदाऊ निवासी मोहित और गांव खुशरई निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है। दोनों की मौत की खबर परिवार तक पहुंचते ही कोहराम मच गया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।



